लोक अभियोजन ने कराया विटनेस हेल्प डेस्क एप्लीकेशन प्रशिक्षण

इंदौर। अधिकांश जब पीड़ित या गवाह न्यायालय में जाते हैं तब उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश लोक अभियोजन विभाग द्वारा पीड़ित एवं गवाहों की सहायता के लिए एक नई पहल विटनेस हेल्प डेस्क की स्थापना कर की गई है। जिससे पीड़ित एवं गवाहों को न्यायालय में चल रहे उनके प्रकरण के संबंध में पूर्ण जानकारी दी जाएगी।
  इसके लिए मध्यप्रदेश लोक अभियोजन द्वारा विटनेस हेल्प डेस्क सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन लांच किया गया है। रविवार को विटनेस हेल्प डेस्क प्रशिक्षण का उद्घाटन अनिल वर्मा, प्रिंसीपल रजिर्स्टर, मप्र उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर, सुशील कुमार शर्मा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला इंदौर, पुरूषोत्तम शर्मा, महानिदेशक, संचालक मध्य प्रदेश लोक अभियोजन, मोहम्मद अकरम शेख, जिला लोक अभियोजन अधिकारी, इंदौर एवं मौसमी तिवारी, प्रमुख जनसंपर्क अधिकारी मध्य प्रदेश लोक अभियोजन द्वारा द्वीप प्रज्जवलित कर किया गया।  
पीड़ित की सेवा, ईश्वर सेवा है। यह बात प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए महानिदेशकसंचालक मध्य प्रदेश लोक अभियोजन, पुरूषोत्तम शर्मा द्वारा कही गई। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विटनेस हेल्प डेस्क प्रभारीगण को कहा गया कि न्यायालय में आने वाले पीड़ित एवं गवाहों की सहायता पूर्ण निष्ठा से करें उनका कहना था कि पीड़ित की सेवा, ईश्वर सेवा है। शर्मा ने विटनेस हेल्प डेस्क एप्लीकेशन के महत्व को बताते हुए व्यक्त किया कि यह सुविधा देश में पहली बार प्रदेश में लागू की गई है और आने वाले समय में यह पूरे देश में अपनाई जाएगी, ऐसा मुझे पूरा विश्वास है। हम इसे और प्रभावी रूप से लागू कराने के लिए सभी आवश्यक प्रयास करने हेतु तत्पर हैं। यह एप्लीकेशन न सिर्फ गवाह की समस्या का निदान करेगा वरन् हमारे हेल्प डेस्क प्रभारी द्वारा दी जा रही जानकारी से गवाह कितना संतुष्ट है उसका फीडबैक भी लेगा। उक्त विटनेस हेल्प डेस्क प्रभारियों को प्रोत्साहित करने हेतु श्री शर्मा द्वारा प्रत्येक तीन माह में बेस्ट विटनेस हेल्प डेस्क प्रभारी घोषित करने का भी कहा गया।